Showing posts with label World Environment Day. Show all posts
Showing posts with label World Environment Day. Show all posts

Friday, June 5, 2020

विश्व पर्यावरण दिवस पर अहमदाबाद में विशेष आयोजन

पांच लाख तुलसी पौधों के वितरण का अभिनव प्रयोग
अहमदाबाद: 5 जून 2020: (गुजरात स्क्रीन ब्यूरो)::
विश्व पर्यावरण दिवस पर अहमदाबाद में पांच लाख तुलसी पौधों के वितरण का अभिनव प्रयोग किया गया।  मनपा द्वारा आयोजित कार्यक्रम का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीएम ने शुभारंभ भी किया । उन्होंने यह भी कहा कि तुलसी जैसे आयुर्वेदिक उपचारों से ही कोरोना के खिलाफ जंग में जीत संभव होगी। 
इस शुभ अवसर पर बहुत सी महत्वपूर्ण बातें हुईं। मुख्यमंत्री श्री विजय रूपाणी ने शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अहमदाबाद में पांच लाख तुलसी पौधों के वितरण कार्यक्रम का वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए शुभारंभ किया।  
अहमदाबाद के नारणपुरा क्षेत्र में स्थित मंगलमूर्ति अपार्टमेंट में आयोजित इस कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि समूची दुनिया के साथ हमारा देश और राज्य तथा विशेषकर अहमदाबाद कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहा है। इस रोग की किसी सटीक दवाई का अभी तक अविष्कार नहीं हुआ है। ऐसे में, तुलसी जैसे आयुर्वेदिक उपचारों के माध्यम से ही हमें अपनी रोग प्रतिरोधक शक्ति को बढ़ाना जरूरी है। 
रोग प्रतिरोधक शक्ति में बढ़ोतरी को कोरोना संक्रमण से बचाव के उपाय के रूप में रेखांकित कर उन्होंने तुलसी की पत्तियों का काढ़ा और तुलसी की पत्तियों के रस के सेवन की सीख दी। 
उन्होंने कहा कि विशिष्ट परिस्थितियों के कारण हम सामाजिक दूरी को बनाए रखते हुए विशिष्ट तौर पर पर्यावरण दिवस का यह उत्सव मना रहे हैं। 
उल्लेखनीय है कि हर साल दुनिया भर में पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम ‘बायोडायवर्सिटी’ यानी जैव विविधता है। 
श्री रूपाणी ने कहा कि आज पूरा विश्व पर्यावरण संबंधित चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब प्रकृति की विविधता को कायम रखते हुए प्रदूषण और पर्यावरण के बीच संतुलन को बनाए रखने की आज महती आवश्कता है। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि अहमदाबाद महानगरपालिका धनवंतरी रथ, आयुर्वेदिक काढ़ा और होम्योपैथिक दवाइयों के वितरण जैसे बहुआयामी कदमों के साथ कोरोना संक्रमण का मुकाबला कर रही है। तुलसी के पौधों का वितरण सही समय पर सही कार्यक्रम है।
उन्होंने कहा कि अहमदाबाद की चॉलों या बहुमंजिला इमारतों में जहां तुलसी के पौधे उगाना संभव नही हैं, उन लोगों तक तुलसी के पौधे पहुंचाने से वहां रहने वाले लोगों के लिए मौजूदा हालात में उपयोगी साबित  होंगे।  
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि लॉकडाउन खुलने के बाद राज्य के सभी लोगों को कोरोना वायरस के खिलाफ कोरोना वॉरियर्स बनकर लड़ना है और कोरोना के खिलाफ जंग को जीतना है। 
मुख्यमंत्री ने ‘कोरोना हारेगा, अहमदाबाद-गुजरात जीतेगा’ का नारा पुनः देते हुए सभी नागरिकों से आह्वान किया कि कोरोना के खिलाफ लंबी लड़ाई में हरेक व्यक्ति सिपाही और वॉरियर (योद्धा) बने।  
श्री रूपाणी ने कोरोना के खिलाफ जंग में अहमदाबाद महानगरपालिका द्वारा उठाए गए विभिन्न कदमों की सराहना कर बधाई भी दी। 
अहमदाबाद की महापौर श्रीमती बीजलबेन पटेल ने कहा कि आयुर्वेद में तुलसी को पवित्र माना जाता है। वन विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए पांच लाख तुलसी के पौधों का सर्वप्रथम कोरोना संक्रमित क्षेत्रों में वितरण किया जाएगा उसके बाद अहमदाबाद के अन्य क्षेत्रों में इसका वितरण किया जाएगा। 
तुलसी रथ के माध्यम से तुलसी वितरण करने के इस कार्यक्रम में उप महापौर श्री दिनेशभाई मकवाणा, मनपा स्थायी समिति के चेयरमैन अमूलभाई भट्ट द्वारा स्थानीय निवासियों को प्रतीक स्वरूप तुलसी के पौधों का वितरण किया गया। 
सामाजिक दूरी बनाकर सीमित संख्या में लोगों की उपस्थिति में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था।